शिमला-19 अक्टूबर. राजधानी शिमला में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में करीब 26 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।
पहले मामले में पुलिस थाना ईस्ट शिमला की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बायोलिया बाईपास रोड के पास एक कार को रोककर तलाशी ली। इस दौरान कार की आगे वाली यात्री सीट के नीचे फुटमैट से करीब 6 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने इस मामले में चामियाणा निवासी 33 वर्षीय सुरेन्द्र ठाकुर को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में पुलिस थाना ईस्ट शिमला में एफआईआर नंबर 99/2026, दिनांक 18 अक्टूबर 2026, धारा 21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
वहीं, दूसरे मामले में स्पेशल सेल शिमला की टीम ने तारादेवी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक कार से करीब 20 ग्राम चिट्टा बरामद किया। इस मामले में पुलिस ने चक्कर निवासी 20 वर्षीय मनोज कुमार, तारादेवी निवासी 36 वर्षीय लखविन्द्र सिंह और झालगी, तारादेवी निवासी 29 वर्षीय सौरव कश्यप को गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना बालूगंज में एफआईआर नंबर 220/2026, दिनांक 19 अक्टूबर 2026, धारा 21 और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। दोनों मामलों में नशे की सप्लाई और अन्य संभावित संपर्कों को लेकर जांच जारी है।
