Spread the love

शिमला,04नवंबर. राजधानी शिमला के प्रसिद्ध जाखू हनुमान मंदिर में दर्शन करने पहुंचे आईजीएमसी के एक कर्मचारी की अचानक हृदयाघात से मौत हो गई। मृतक की पहचान 47 वर्षीय अरुण के रूप में हुई है, जो आईजीएमसी शिमला में कनिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत थे। मंदिर के प्रवेश द्वार पर पहुंचते ही उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द उठा और वह बेसुध होकर गिर पड़े।

जानकारी के अनुसार अरुण जाखू मंदिर में माथा टेकने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान मंदिर के प्रवेश द्वार पर उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें सीने में तेज दर्द हुआ और वह जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें संभालने का प्रयास किया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

अरुण मूल रूप से जिला सोलन की अर्की तहसील के निवासी थे। वह वर्तमान में आईजीएमसी शिमला में कनिष्ठ सहायक के पद पर सेवाएं दे रहे थे। इससे पहले वह डेंटल कॉलेज शिमला में भी कार्यरत रहे थे। उनके अचानक निधन की खबर से आईजीएमसी प्रशासन और सहकर्मियों में शोक की लहर है। अरुण अपने पीछे पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। महज 47 वर्ष की उम्र में उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अर्की क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *