Spread the love

शिमला, 6 नवंबर, दीपावली के पावन अवसर पर हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के कर्मचारियों को 5 प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) जारी करने के आदेश दिए गए हैं। प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश के कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते की घोषणा के बाद निगम के कर्मचारियों को भी यह लाभ देने का निर्णय लिया गया है। इससे निगम के लगभग 12 हजार कर्मचारी लाभान्वित होंगे।
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों के हितों के प्रति प्रतिबद्ध है। एचआरटीसी के कर्मचारी प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों सहित हर हिस्से में परिवहन सेवाएं उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दो दिन पहले ही एचआरटीसी के पेंशनरों को भी 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता जारी करने के आदेश दिए गए हैं। सरकार कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों का ध्यान रखते हुए उनके कल्याण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
मुकेश अग्निहोत्री ने एचआरटीसी के सभी कर्मचारियों, पेंशनरों और उनके परिवारों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *