Spread the love

कुल्लू,12नवंबर. हिमाचल प्रदेश की राजनीति में मंत्रिमंडल विस्तार की सुगबुगाहट के बीच कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने निर्णायक चुनौती पेश कर दी है. उन्होंने साफ संकेत दिए हैं कि यदि 11 दिसंबर तक उन्हें मंत्रिमंडल में स्थान नहीं मिलता है तो वह कांग्रेस से नाता तोड़ने जैसा कदम उठा सकते हैं. बुधवार को कुल्लू के परिधि गृह में पार्टी पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक में उनका दर्द खुलकर सामने आया.
अपनी बात रखते हुए वह इतने भावुक हो गए कि उनके आंसू छलक पड़े. सुंदर सिंह ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से कहा कि अब आप लोग ही बताएं कि उन्हें आगे क्या करना चाहिए. उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को महज मंत्री पद की दावेदारी तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे आत्मसम्मान और कुल्लू की जनता के मान-सम्मान से जोड़ दिया. उनका कहना था कि सरकार के 11 दिसंबर को चार वर्ष पूरे होने जा रहे हैं, लेकिन इतने लंबे समय बाद भी उन्हें मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिल पाई है. विधायक ने 11 दिसंबर तक का अल्टीमेटम देते हुए संकेत दिया कि मांग पूरी न होने पर वह पार्टी पदाधिकारियों के साथ सामूहिक इस्तीफे का रास्ता भी अपना सकते हैं.
उन्होंने अगली राजनीतिक दिशा तय करने का अधिकार कुल्लू की जनता पर छोड़ते हुए कांग्रेस में बने रहने, पार्टी छोड़ने अथवा निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरने जैसे विकल्प भी सामने रखे. बैठक में पदाधिकारियों ने उनके प्रति समर्थन जताया. सुंदर सिंह ठाकुर को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू कई बार मंत्रिमंडल में शामिल करने के संकेत दे चुके हैं. अब देखना है कि 11 दिसंबर तक इन्हें मंत्री बनाया जाता है या नहीं, इस पर सबकी निगाहें टिकी हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *