Spread the love

शिमला,12नवंबर. राजधानी शिमला में बंदरों के आतंक से शहरवासी आए दिनों परेशानियों का सामना कर रहे हैं। ऐसे में यह बंदर कभी किसी को काट देते हैं तो कभी किसी का सामान लेकर पेड़ पर चढ़ जाते हैं। ऐसा ही मामला वीरवार को सामने आया जहां एक बंदर ने एक व्यक्ति की जेब से नोटों से भरा पैकेट उड़ा लिया और पेड़ पर चढ़ गया। शिमला डीसी ऑफिस परिसर में एक बंदर ने ऐसी उछलकूद मचाई कि देखते ही देखते वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बैंक में पैसे जमा करवाने जा रहे एक व्यक्ति की जेब से बंदर 81,800 रुपये का पैकेट लेकर फरार हो गया और सीधे पेड़ पर जा चढ़ा।

इसके बाद शुरू हुआ बंदर का अनोखा ‘नोटों वाला खेल’ पेड़ पर बैठकर बंदर पैकेट से नोट निकालता और नीचे फेंकता रहा। देखते ही देखते हजारों रुपये पेड़ के नीचे बिखर गए। अपनी मेहनत की कमाई को हवा में उड़ता देख व्यक्ति के होश उड़ गए।

मौके पर मौजूद कर्मचारियों और लोगों ने तुरंत मदद के लिए हाथ बढ़ाया। सभी ने मिलकर पेड़ के आसपास बिखरे नोट समेटने शुरू किए। काफी मशक्कत के बाद ज्यादातर रकम बरामद कर ली गई, लेकिन व्यक्ति के मुताबिक करीब 1,500 रुपये का हिसाब नहीं मिल पाया। इतना ही नहीं, बंदर ने 500 रुपये के कुछ नोट फाड़कर भी नुकसान पहुंचाया। बंदरों की इस हरकत ने एक बार फिर लोगों की परेशानी खड़ी कर दी है।लोगों का कहना है कि बंदरों,कुत्तों और लंगूरों के आतंक से शहरवासी खासे परेशान हैं जिसका MC शिमला को समाधान निकालना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *