शिमला,17 नवंबर.पूर्व में रही BJP सरकार के खिलाफ कांग्रेस की मौजूदा सरकार विधानसभा चुनाव से पहले श्वेत पत्र लाने की तैयारी कर रही है। BJP सरकार के खिलाफ श्वेत पत्र लाने के लिए डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री के नेतृत्व में 8 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। राज्यपाल की ओर से 17 नवंबर को जारी अधिसूचना के अनुसार उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को इस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
इस आठ सदस्यीय कमेटी में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और टीसीपी मंत्री राजेश धर्माणी को सदस्य बनाया गया है। वहीं, सचिव (वित्त), हिमाचल प्रदेश सरकार को सदस्य सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अधिसूचना में कहा गया है कि इस पुनर्गठन के साथ ही 12 मई 2023 को जारी पूर्व अधिसूचना अधिक्रमित हो जाएगी।
सरकार का उद्देश्य प्रदेश की वित्तीय स्थिति को लेकर श्वेत पत्र तैयार करना है। इसके माध्यम से राज्य की आर्थिक स्थिति और वित्तीय पहलुओं को सामने लाने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। कमेटी की अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री करेंगे।
