शिमला,17 नवंबर. प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा कार्यक्रम (ईसीसीई) के तहत SDM ग्रामीण शिमला कार्तिकेय शर्मा ने मंगलवार को अधिकारियों की टीम के साथ डीएवी स्कूल और सरस्वती पैराडाइज इंटरनेशनल स्कूल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक स्तर के बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए स्कूलों में उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्कूल प्रबंधन को बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।
एसडीएम के नेतृत्व में गठित टीम ने दोनों स्कूलों में छोटे बच्चों के लिए उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान कक्षाओं का ढांचा, बच्चों के अनुकूल फर्नीचर, स्वच्छ पेयजल, साफ-सुथरे शौचालय, हाथ धोने की व्यवस्था और प्राथमिक उपचार किट की उपलब्धता जांची गई। इसके अलावा स्कूल परिसरों में साफ-सफाई, सुरक्षा इंतजाम, बच्चों के खेलने-कूदने के लिए स्थान, खेल सामग्री और शिक्षण गतिविधियों के लिए तैयार किए गए वातावरण का भी जायजा लिया गया।
कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि प्रारंभिक बाल्यावस्था बच्चों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और भावनात्मक विकास की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण होती है। इस उम्र में केवल किताबी शिक्षा पर्याप्त नहीं है, बल्कि बच्चों को खेल, रचनात्मक गतिविधियों, आपसी संवाद और व्यावहारिक अनुभवों के माध्यम से सीखने के अवसर मिलना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि ईसीसीई कार्यक्रम का उद्देश्य छोटे बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ और बाल हितैषी वातावरण उपलब्ध करवाना है। इसके तहत स्वास्थ्य एवं पोषण, व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वच्छ पेयजल, सुरक्षित शौचालय, प्राथमिक स्वास्थ्य सहायता और खेल आधारित शिक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
SDM ने संबंधित अधिकारियों और स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए कि बच्चों की देखभाल, स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय से ही बच्चों को शुरुआती स्तर पर बेहतर वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जा सकती है।
निरीक्षण के दौरान सीडीपीओ इंदु शर्मा, बीएम मशोबरा डॉ. राकेश गोयल तथा ग्रामीण विकास और शिक्षा विभाग के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
