Spread the love

शिमला,19 नवंबर , मिलेनियम सुपर स्टार व बिग बी अमिताभ बच्चन ने हिमाचल में जरूरतमंदों और गरीबों की सहायता के लिए 21 लाख रुपये की आर्थिक मदद भेजी है। इसके साथ ही उन्होंने शिमला में समाजसेवा के कार्यों में जुटे सरबजीत सिंह बॉबी को प्रशंसा पत्र भेजकर उनके प्रयासों की सराहना भी की है।
सरबजीत सिंह बॉबी की ओर से साझा किए गए पत्र में अमिताभ बच्चन ने संस्था ‘अलमाइटी ब्लेसिंग्स’ (Almighty Blessings) द्वारा शिमला में किए जा रहे परमार्थ और मानवता की सेवा के कार्यों की प्रशंसा की है। पत्र में उन्होंने लिखा कि संस्था के निस्वार्थ समर्पण, करुणा और सेवाभाव से किए जा रहे कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक हैं।

संस्था की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक, अमिताभ बच्चन ने 21 लाख रुपये के तीन डिमांड ड्राफ्ट भेजे हैं। इनमें 9 लाख, 9 लाख और 3 लाख रुपये की राशि शामिल है। ये डिमांड ड्राफ्ट बैंक ऑफ इंडिया की जुहू शाखा से जारी किए गए हैं। पत्र में अमिताभ बच्चन ने उम्मीद जताई है कि यह सहयोग संस्था के सेवा प्रकल्पों को निरंतर जारी रखने और अधिक से अधिक जरूरतमंदों व मरीजों तक सहायता पहुंचाने में मददगार साबित होगा।

इस सहयोग के पीछे एक खास वजह भी है। सरबजीत सिंह बॉबी हाल ही में लोकप्रिय टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में पहुंचे थे। वहां अमिताभ बच्चन ने उन्हें संस्था के जमीनी स्तर पर किए जा रहे मानवीय कार्यों के लिए ‘फोर्स ऑफ गुड’ सम्मान से नवाजा था। कार्यक्रम के दौरान संस्था के कार्यों को जानने के बाद अमिताभ बच्चन ने लोगों से भी इस मुहिम में सहयोग की अपील की थी।

‘अलमाइटी ब्लेसिंग्स’ लंबे समय से शिमला में अस्पतालों के बाहर मरीजों और उनके तीमारदारों को मुफ्त भोजन उपलब्ध करा रही है। इसके अलावा संस्था लावारिस शवों के अंतिम संस्कार और जरूरतमंदों को एंबुलेंस जैसी सेवाएं भी देती है।अमिताभ बच्चन की ओर से मिला यह आर्थिक सहयोग और प्रशंसा पत्र सरबजीत सिंह बॉबी तथा उनकी पूरी टीम के लिए बड़ी प्रेरणा है। यह पहल इस बात का संदेश भी देती है कि समाज के लिए निस्वार्थ भाव से किया गया काम दूर बैठे लोगों के दिलों तक भी पहुंचता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

स्पेशल स्टोरी