Spread the love

शिमला,19 नवंबर. हिमाचल प्रदेश मेडिकल ऑफिसर्स एसोसिएशन (HMOA) ने स्वास्थ्य विभाग के उस हालिया आदेश पर कड़ा एतराज जताया है, जिसमें एक डेंटल मेडिकल ऑफिसर को प्रोग्राम ऑफिसर (OSD) के पद पर तैनात किया गया है। एसोसिएशन ने इसे नियमित मेडिकल ऑफिसर कैडर के वरिष्ठ और अनुभवी चिकित्सकों की अनदेखी करार देते हुए सरकार से इस फैसले पर तुरंत पुनर्विचार करने की मांग की है।
स्वास्थ्य विभाग ने 17 नवंबर 2026 को आदेश संख्या 46376-24329/2026 जारी कर सिविल अस्पताल (CH) सुजानपुर में कार्यरत एक मेडिकल ऑफिसर (डेंटल) को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO), हमीरपुर के कार्यालय में प्रोग्राम ऑफिसर/OSD के पद पर नियुक्त किया है।
HMOA के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अंकुश ठाकुर और महासचिव डॉ. विकास ठाकुर ने एक संयुक्त बयान में कहा कि स्वास्थ्य विभाग में लंबे समय से सेवाएं दे रहे कई वरिष्ठ और योग्य नियमित मेडिकल ऑफिसर मौजूद हैं, जो इस प्रशासनिक जिम्मेदारी को संभालने के पूरी तरह पात्र हैं। उन्होंने कहा कि अपने ही कैडर के वरिष्ठ अधिकारियों को दरकिनार कर दूसरे प्रोफेशनल कैडर से अधिकारी की तैनाती करना उचित प्रशासनिक कदम नहीं है। इससे चिकित्सकों के मनोबल पर बुरा असर पड़ता है और कैडर में असंतोष पैदा होता है। एसोसिएशन ने यह भी साफ किया कि उनका विरोध किसी व्यक्ति विशेष से नहीं, बल्कि इस गलत प्रशासनिक प्रक्रिया से है।

मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से की तीन प्रमुख मांगें
एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य सचिव से इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए तीन मुख्य मांगें रखी हैं:

  1. 17 नवंबर 2026 को जारी किए गए तैनाती आदेश पर तुरंत पुनर्विचार किया जाए।
  2. प्रोग्राम ऑफिसर/OSD के पद पर नियमित मेडिकल ऑफिसर कैडर के पात्र और वरिष्ठ अधिकारी को ही नियुक्त किया जाए।
  3. भविष्य में प्रशासनिक पदों पर तैनाती करते समय वरिष्ठता, पात्रता और स्थापित प्रशासनिक नियमों को प्राथमिकता दी जाए।

HMOA ने उम्मीद जताई है कि प्रदेश सरकार चिकित्सकों के हितों को ध्यान में रखते हुए जल्द ही इस आदेश को संशोधित करेगी। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि वे अपने कैडर के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

स्पेशल स्टोरी