शिमला,26 नवंबर. जिला शिमला के ठियोग में ब्लास्टिंग के दौरान कथित लापरवाही के चलते एक व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना ठियोग में इस संबंध में अभियोग संख्या 177/26 दिनांक 18 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125, 106, 105(2) व 3(5) तथा विस्फोटक अधिनियम की धारा 9B(1)(b) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, ब्लास्टिंग के दौरान आवश्यक सुरक्षा सावधानियां नहीं बरती गईं। इसके अलावा विस्फोट के लिए निर्धारित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित किए बिना एक व्यक्ति को घटनास्थल से गुजरने की अनुमति दी गई, जिसके कारण उसकी मृत्यु हो गई।
मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेंद्र कुमार (31), निवासी तहसील ठियोग, जिला शिमला,रवि कुमार (31), निवासी तहसील सुंदरनगर, जिला मंडी, राकेश कुमार (27) और राजेश कुमार (23), दोनों मूल निवासी नेपाल एवं वर्तमान में तहसील रामपुर, जिला शिमला के रूप में हुई है।
पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें 27 नवंबर 2026 तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आगामी अन्वेषण जारी है।
