चौपाल,26 नवंबर. शिमला जिले के चौपाल क्षेत्र के धबास में डुंडी माता मंदिर के समीप एक मकान में भीषण आग लगने से पूरा घर जलकर राख हो गया। आग इतनी भयानक थी कि मकान को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते घर जलकर खाक हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह मकान दिनेश और रमेश का बताया जा रहा है। आग लगने की इस घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन घर में बंधी गाय को बचाया नहीं जा सका। इस दुखद घटना में पशुधन की भी हानि हुई है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग किन परिस्थितियों में लगी और मकान में हुए नुकसान का कितना आकलन है, इसकी जानकारी सामने आना बाकी है। इस अग्निकांड से प्रभावित परिवार को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
