Spread the love

शिमला,26 नवंबर. हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य महावीर सिंह ने उत्तर क्षेत्र अंतर-विश्वविद्यालय क्रिकेट (पुरुष) प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले में लखनऊ विश्वविद्यालय की टीम को पराजित कर फाइनल में प्रवेश करने पर हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की क्रिकेट टीम को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने टीम के खिलाड़ियों, कोच एवं सहयोगी स्टाफ की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने फाइनल मुकाबले में भी टीम से उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताते हुए जीत के लिए शुभकामनाएं दीं।

लखनऊ विश्वविद्यालय में आयोजित की जा रही उत्तर क्षेत्र अंतर-विश्वविद्यालय क्रिकेट (पुरुष) प्रतियोगिता में वीरवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला की टीम ने मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय की टीम को 6 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। यह जानकारी टीम के कोच डॉ. विक्रांत भारद्वाज ने दी।

लखनऊ विश्वविद्यालय की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 30 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 167 रन बनाए। इसके जवाब में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की टीम ने 25 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर निर्धारित लक्ष्य हासिल कर लिया और शानदार जीत दर्ज करते हुए फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित की।

इस सेमीफाइनल मुकाबले में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की टीम के कप्तान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 70 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। वहीं, विश्वविद्यालय के गेंदबाजों राजीव, रोहित और अरशद ने 2-2 विकेट लेकर लखनऊ विश्वविद्यालय की टीम को सीमित स्कोर पर रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *