Spread the love

शिमला-01 अगस्त. हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 21 अगस्त 2026 से शुरू होगा। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया कि चौदहवीं विधानसभा का 12वां सत्र 21 अगस्त को पूर्वाह्न 11 बजे आरंभ होगा और 3 सितंबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान सदन की कुल 10 बैठकें आयोजित की जाएंगी।
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि राज्यपाल की स्वीकृति के बाद विधानसभा सचिवालय ने सत्र की अधिसूचना जारी कर दी है। उन्होंने कहा कि 22 अगस्त (शनिवार) को भी सदन की बैठक होगी, जबकि 28, 29 और 30 अगस्त को बैठकें आयोजित नहीं की जाएंगी। 28 अगस्त को रक्षाबंधन तथा 29 अगस्त को शनिवार होने के कारण अवकाश रहेगा।
पठानिया ने यह भी बताया कि 27 अगस्त को गैर-सरकारी सदस्य कार्य दिवस (Private Members’ Day) निर्धारित किया गया है। सत्र की अधिसूचना जारी होने के साथ ही विधायक अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों से संबंधित ऑफलाइन और ऑनलाइन प्रश्न विधानसभा सचिवालय को भेज सकते हैं।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र दो चरणों में आयोजित किया गया था। पहले चरण में दो बैठकें- जबकि दूसरे चरण में 13 बैठकें आयोजित की गई थी। कुल मिलाकर 15 बैठकें बजट सत्र में आयोजित की गई थीं। वैसे तो हिमाचल विधानसभा का मानसून सत्र एक सप्ताह का आयोजित होता है, लेकिन बजट सत्र में 20 की जगह 15 बैठकों की भरपाई के लिए मानसून सत्र बड़ा बुलाया गया है। वैसे हिमाचल विधानसभा में साल भर में 35 बैठके करवाने का प्रावधान है। इन दस बैठकों के बाद भी 10 बैठकों की कमी रह जायेगी। जिनको शीतकालीन सत्र में पूरा करने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *