Spread the love

हमीरपुर-04 अगस्त.आधुनिकता की चकाचौंध में सेल्फी का शौक जानलेवा बनता जा रहा है। ऐसा ही मामला सुजानपुर-पालमपुर सड़क पर ब्यास पुल के पास सोमवार शाम को हुआ जहां एक 17 वर्षीय किशोरी सेल्फी लेते समय खाई में गिर गई। गनीमत रही कि वह ब्यास नदी में नहीं गिरी, बल्कि पहाड़ी के बीच झाड़ियों में अटक गई। अन्यथा युवती नदी में समा जाती। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, होमगार्ड और दमकल की संयुक्त टीम ने उसे सुरक्षित बाहर निकाला। घटना ब्यास पुल के पास प्राचीन पानी की गुफा के ऊपर हुई। किशोरी (कांगड़ा के लंबा गांव की रहने वाली) मोबाइल से सेल्फी खींच रही थी। तभी उसका पैर फिसल गया और वह कई फीट नीचे गहरी खाई में जा गिरी। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। संयोग से सुजानपुर पुलिस के जवान विवेक शर्मा और कुलभूषण मौके के पास से गुजर रहे थे। उन्होंने बिना देर किए खाई में उतरकर लड़की को संभाला।
इसके बाद थाना पुलिस, होमगार्ड और दमकल विभाग की टीमें पहुंचीं। मुश्किल परिस्थितियों में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और किशोरी को झाड़ियों से निकालकर सुरक्षित बाहर लाया गया। उसे सिविल अस्पताल सुजानपुर में प्राथमिक उपचार दिया गया। कुछ चोटें आईं, लेकिन हालत सामान्य रही। डॉक्टरों ने इलाज के बाद घर भेज दिया।
सुजानपुर थाना प्रभारी प्रकाश ठाकुर ने बताया कि लड़की ने बयान में कहा कि सेल्फी लेते समय उसका संतुलन बिगड़ गया था। झाड़ियों में फंस जाने से ही उसकी जान बच सकी। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है।

प्रशासन और पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें। सेल्फी के चक्कर में जान न गंवाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *