Spread the love

शिमला-12अगस्त. महंगाई के बोझ तले दबी हिमाचल प्रदेश की जनता को प्रदेश की सुक्खू सरकार ने एक और बड़ा झटका दिया है। प्रदेश में मंगलवार मध्यरात्रि से पेट्रोल और हाई स्पीड डीजल महंगा हो गया है। राज्य सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर 60 पैसे प्रति लीटर अनाथ एवं विधवा सेस लगाने की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके बाद प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 60 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हो जाएगी। राज्य कर एवं आबकारी विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार हिमाचल प्रदेश मूल्य वर्धित कर (वैट) अधिनियम, 2005 की धारा 6-ए के तहत पेट्रोल और हाई स्पीड डीजल की पहली बिक्री (प्वाइंट ऑफ फर्स्ट सेल) पर यह सेस लगाया जाएगा।सरकार के इस निर्णय के बाद राजधानी शिमला में पेट्रोल का दाम 102.45 रुपये से बढ़कर 103.05 रुपये प्रति लीटर हो जाएगा। जबकि डीजल 94.67 से बढ़कर अब 95.27 हो गया है। जिसका असर सीधा प्रदेश की जनता पर पड़ेगा।

सरकार का दावा है कि इससे जरूरतमंद वर्ग तक सहायता पहुंचाने में मदद मिलेगी। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि 60 पैसे का न्यूनतम सेस लगाने का फैसला लिया गया है। इसके बावजूद हिमाचल प्रदेश में पड़ोसी राज्यों के मुकाबले पेट्रोल और डीजल सस्ता मिलेगा। उधर, पेट्रोल और डीजल पर नए सेस की घोषणा के बाद राजनीतिक बहस भी तेज होने की संभावना है।

सरकार का कहना है कि इससे प्राप्त राजस्व का उपयोग अनाथ बच्चों और विधवाओं के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं को सुदृढ़ करने में किया जाएगा। प्रदेश मंत्रिमंडल ने हाल ही में अनाथों एवं विधवाओं के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं के लिए अतिरिक्त वित्तीय संसाधन जुटाने के उद्देश्य से इस सेस को मंजूरी दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *