Spread the love

शिमला-11सितंबर. राजधानी शिमला में शुक्रवार शाम को झमाझम बारिश हुई। इससे माैसम में ठंडक आ गई है। यह बारिश तब हुई जब ऑफिस से निकलकर लोग अपने घरों की ओर जा रहे थे। अचानक आई बारिश से लोगों को भीगने के लिए मजबूर होना पड़ा। शिमला समेत ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बारिश हुई है।

उधर, माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 12 से 16 सितंबर के बीच राज्य में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। सप्ताह के बाकी दिनों में राज्य में कुछ अलग-अलग जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। वहीं अगले 3-4 दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। हालांकि, राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

बता दें कि इस साल मानसून सीजन में 30 जून से 11 सितंबर तक प्रदेश में आपदा की वजह से 296 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। 520 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 177 की सड़क हादसों में माैत हुई। इसके अतिरिक्त इस अवधि के दाैरान 40 पक्के और 89 कच्चे मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं। वहीं 499 कच्चे-पक्के मकानों को आंशिक क्षति पहुंची है। इसके अलावा 17 दुकानों व 470 गोशालाओं को भी नुकसान पहुंचा है। प्रदेश में इस मानसून में नुकसान का आंकड़ा 1,66,196.72 लाख रुपये पहुंच गया है।

प्रदेश में मानसून में हुई बारिश से जगह-जगह भूस्खलन से अभी भी 60 सड़कें बाधित हैं। कुल्लू व कांगड़ा जिले में सबसे अधिक सड़कें बंद हैं। बीते 24 घंटों के दाैरान धर्मशाला में 8.2, पंडोह6.2, एएमएस कांगड़ा 5.8, नंगल बांध 5.2, ओलिंडा में 1.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *