Spread the love


चौपाल-14 सितंबर. चूड़धार यात्रा से लौटते समय रास्ता भटककर जंगल में फंसे चार श्रद्धालुओं को शिमला पुलिस ने रातभर चले सर्च एवं रेस्क्यू अभियान के बाद सकुशल बचा लिया। घने जंगल, दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और अंधेरे के बावजूद पुलिस जवानों ने लगातार अभियान चलाकर चारों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचायाजानकारी के अनुसार 13 सितंबर की रात 112 कंट्रोल रूम शिमला के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि चूड़धार यात्रा से वापस लौट रहे कुछ श्रद्धालु जंगल में रास्ता भटक गए हैं और उन्हें अपनी लोकेशन का पता नहीं चल पा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस थाना चौपाल की टीम ने बिना समय गंवाए रात में ही सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आधी रात को मोहाली, पंजाब निवासी राहुल (22) और साकेत (21) को पताल खड्ड की ओर जंगल से सुरक्षित रेस्क्यू किया। इसी बीच दो अन्य श्रद्धालुओं के भी चूड़धार क्षेत्र में रास्ता भटकने की सूचना पुलिस को मिली।
पुलिस टीम ने अभियान को रोकने के बजाय तलाश जारी रखी और करनाल, हरियाणा निवासी राहुल (26) और उनकी पत्नी मधु (24) को भी चूड़धार क्षेत्र से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
चारों श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया, जहां उन्हें ठहराने की व्यवस्था की गई। इसके बाद पुलिस टीम उन्हें सुरक्षित वापस लाने में जुटी रही।
रात के अंधेरे में चूड़धार के दुर्गम और घने जंगल में चलाए गए इस अभियान में पुलिस जवानों ने साहस, तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। समय पर कार्रवाई से चारों श्रद्धालुओं को सुरक्षित बचाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *