Spread the love

चंबा-17 सितंबर. जिले के अलमी क्षेत्र में बुधवार देर शाम खराब मौसम के बीच आसमानी बिजली गिरने से बड़ी संख्या में भेड़-बकरियां इसकी चपेट में आ गईं। हादसे में 30 भेड़-बकरियों की मौत हो गई जबकि 20 घायल हो गईं। अचानक हुई इस घटना से पशुपालकों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में गद्दी समुदाय से जुड़े तीन पशुपालकों को भारी नुकसान हुआ है। प्रभावितों की पहचान तिलक, ठाकरू और भिंदर के रूप में हुई है। तीनों लिल्ह क्षेत्र के डगेड़ गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार बुधवार देर शाम अलमी क्षेत्र में मौसम खराब था। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आसमानी बिजली गिरी और वहां मौजूद भेड़-बकरियां इसकी चपेट में आ गईं। घटना के बाद प्रभावित पशुपालकों और स्थानीय लोगों ने घायल पशुओं को संभाला। घटना की सूचना मिलने के बाद संबंधित विभागीय अधिकारियों को मामले से अवगत करवाया गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित पशुपालकों को नियमों के तहत उचित राहत और मुआवजा देने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *