Spread the love

शिमला-17 सितंबर. हिमाचल में सायर मेले की शुरुआत व फसलों की कटाई शुरू होते ही मौसम ने करवट बदला है। राज्य में विदाई से पहले मॉनसून जमकर बरस रहा है। गुरुवार को ऑरेंज अलर्ट के बीच प्रदेश में सुबह से ही भारी बारिश व बर्फबारी हो रही है.लाहुल स्पिति की ऊंची चोटियों समेत चंबा-कुल्लू की ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात हुआ है। नलाहौल घाटी में बारालाचा के पास भी ताजा हिमपात हुआ है। चंबा के साच पास और पांगी में भी बर्फबारी हुई है। लाहौल स्पीति में बर्फबारी को लेकर अपने ब्लॉग में महिला मनेपा ने बताया कि गुरुवार को हजारों लोग घाटी में ड्रिलबुरी कोरा (परिक्रमा) के लिए जा रहे हैं और इस दौरान बर्फबारी हो रही है। सीजन का यह पहला हिमपात है। वह बताती हैं कि देश और विदेश के सैलानी परिक्रमा के लिए पहुंचे हुए हैं। वह कहती हैं कि सितंबर महीने में जनवरी जैसी ठंड का एहसास हो रहा है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने गुरुवार सुबह नौ बजे अलर्ट जारी करते हुए बताया कि अगले 3 घंटों में चंबा, कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, मंडी, शिमला और सिरमौर ज़िलों में ज़्यादातर स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, एक-दो स्थानों पर तेज़ बारिश,आंधी-तूफ़ान की बहुत संभावना है।

मौसम विभाग ने सुबह 10 बजे के बुलेटिन में बताया कि बीते 12 घंटों के दौरान बिलासपुर और मंडी जिलों में कई स्थानों पर अच्छी बारिश दर्ज की गई। इसमें बिलासपुर जिले के नैना देवी में सबसे अधिक 86.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई. मंडी जिले के मुरारी देवी में 50.6 मिमी, स्लैपर में 48.1 मिमी और बिलासपुर के मलराओं में 48.0 मिमी बारिश हुई. घाघस में 40.2 मिमी और बरठीं में 38.6 मिमी बारिश दर्ज की गई. सुंदरनगर में 37.1 मिमी, गोहर में 35.0 मिमी और जोगिंदरनगर में 33.0 मिमी, सिरमौर के नाहन में 34.2 मिमी और पांवटा साहिब में 31.0 मिमी और ऊना जिले के नंगल डैम में 32.0 मिमी बारिश हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *