Spread the love

केलांग-17 सितंबर. लाहुल-स्पिति के पवित्र पर्वत ड्रिलबुरी की परिक्रमा के दौरान गुरुवार को दो महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई। इस धार्मिक यात्रा के दौरान बर्फ पर फिसलने, हाई एल्टीट्यूड सिकनेस और हाइपोथर्मिया की चपेट में आने से कई श्रद्धालु घायल भी हुए हैं। घायलों में कुछ बुजुर्ग और बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं।

घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल केलांग लाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल में ऊंचाई से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं और चोटों के कारण श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी है।

क्षेत्रीय अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सुषमा ने बताया कि ड्रिलबुरी परिक्रमा के दौरान दो महिला श्रद्धालुओं की मौत हुई है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

डॉ. सुषमा के अनुसार, परिक्रमा से लौटे कई श्रद्धालु चोट लगने और ऊंचाई से संबंधित स्वास्थ्य परेशानियों के कारण अस्पताल पहुंचे हैं। इनमें बर्फ पर फिसलने से घायल हुए लोग भी शामिल हैं, जबकि कई श्रद्धालुओं में हाई एल्टीट्यूड सिकनेस के लक्षण पाए गए हैं।

ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ऑक्सीजन की कमी के कारण हाई एल्टीट्यूड सिकनेस की समस्या हो सकती है। इसके अलावा अत्यधिक ठंड के कारण हाइपोथर्मिया का खतरा भी बढ़ जाता है। ड्रिलबुरी परिक्रमा में करीब ढाई हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की बात सामने आई है।

घटना के बाद श्रद्धालुओं और उनके परिजनों में चिंता का माहौल है। ऐसे में ऊंचाई वाले धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले लोगों को मौसम, स्वास्थ्य और प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *