Spread the love

ज्वालाजी-18सितंबर. प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में वीरवार शाम खुद को आग लगाने वाले राजस्थान के श्रद्धालु की शुक्रवार को टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में मौत हो गई। श्रद्धालु ने मंदिर परिसर में खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली थी। आग की चपेट में आने से वह करीब 60 फीसदी तक झुलस गया था।
ज्वालामुखी अस्पताल में श्रद्धालु को प्राथमिक उपचार दिया गया। करीब 60 फीसदी झुलसने के कारण उसकी हालत गंभीर थी। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया था। इसके बाद एंबुलेंस के माध्यम से उसे टांडा पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा था। लेकिन गंभीर रूप से झुलसे श्रद्धालु की शुक्रवार को उपचार के दौरान मौत हो गई।
डीएसपी ज्वालामुखी संजय शर्मा ने श्रद्धालु की टांडा अस्पताल में मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि श्रद्धालु ने मंदिर परिसर में खुद को आग लगाने जैसा कदम क्यों उठाया। घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस श्रद्धालु की पृष्ठभूमि और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। मंदिर परिसर में हुई इस घटना के बाद प्रशासन की ओर से तत्काल बचाव कार्य किया गया था। हालांकि गंभीर रूप से झुलसे श्रद्धालु को बचाया नहीं जा सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *