शिमला-27 सितंबर. हिमाचल में लूटपाट और चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ऐसा ही एक मामला शिमला के कुमारसैन बारुबाग में सामने आया है जहां ढाबे पर चाय- पीने के बाद एक महिला से शातिर ने उसका मंगलसूत्र उड़ा लिया। पुलिस थाना कुमारसैन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है और उसकी पहचान के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस आरोपी के हुलिये और घटना से जुड़ी अन्य जानकारी के आधार पर छानबीन कर रही है।
पुलिस के अनुसार 61 वर्षीय कांंकू पत्नी सुंदर लाल ने अपने पति के साथ करीब एक महीने पहले बरूवाग में एनएच-05 के किनारे ढाबा शुरू किया था। 26 सितंबर को सुबह करीब 9:30 बजे एक व्यक्ति उनके ढाबे पर आया। उसने चाय-परांठे खाए और इसके बाद वहीं बैठा रहा। करीब 11 बजे महिला का पति सुंदर लाल निजी सामान लेने नारकंडा बाजार चला गया। दोपहर करीब 12 बजे महिला ढाबे के बाहर बर्तन धो रही थी। इसी दौरान पहले से वहां बैठा व्यक्ति अचानक पीछे से उसके पास पहुंचा और दोनों हाथों से उसकी दोनों आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया।
महिला के अनुसार आंखों में मिर्च पड़ने से उसे कुछ दिखाई नहीं दिया। इसी दौरान आरोपी ने उसके गले से सोने का मंगलसूत्र छीना और मौके से फरार हो गया। महिला ने शोर मचाकर मदद के लिए आवाज लगाई, लेकिन उस समय आसपास कोई व्यक्ति या वाहन मौजूद नहीं था। आंखों में मिर्च होने के कारण वह आरोपी के भागने की दिशा भी नहीं देख सकी। महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष है। वह सफेद चेकदार कमीज, काली पैंट जिस पर सफेद पट्टियां थीं और काले जूते पहने हुए था। महिला के अनुसार उसने मंगलसूत्र करीब 15 साल पहले 10 हजार रुपये में खरीदा था।
बता दें कि इसी महीने कुमारसैन क्षेत्र में 61 वर्षीय महिला से सोने की बालियां छीनने की एक अन्य घटना भी सामने आई थी। 14 सितंबर को लटयाणा निवासी सुनो देवी ने शिकायत में बताया था कि कंडियाली बाजार से गांव की ओर जाते समय जंगल के रास्ते में एक अज्ञात व्यक्ति ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डालकर दोनों कानों से सोने की बालियां छीन ली थीं। उस मामले में भी कुमारसैन थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) के तहत मामला दर्ज किया था।
