शिमला-24 अक्टूबर. हिमाचल प्रदेश के एकमात्र सरकारी डेंटल कॉलेज के जूनियर विद्यार्थियों से रैगिंग का मामला सामने आया है। रैगिंग का यह आरोप कॉलेज के तीन सीनियर छात्रों पर लगाया गया है। पीड़ित जूनियर छात्रों ने इस संबंध में अस्पताल प्रबंधन को ई-मेल के जरिए तीन शिकायतें रैगिंग की ऑडियो रिकॉर्डिंग के साथ भेजी हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए कॉलेज प्रबंधन ने इसकी जांच शुरू कर दी है। शिकायत में जूनियर छात्रों ने आरोप लगाया है कि उन्हें उपनगर संजौली बुलाकर सीनियर छात्रों ने रैगिंग की। अस्पताल प्रबंधन को जूनियर छात्रों ने बिना नाम के ई-मेल के जरिये ये शिकायतें भेजी हैं। ई-मेल में सीनियर छात्रों पर मामले में कार्रवाई करने की भी मांग की गई है। शिकायत के बाद कॉलेज प्रबंधन ने तुरंत मामले की जांच एंटी रैगिंग कमेटी को सौंप दी है।
कमेटी से इस मामले पर विस्तृत जांच रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट में रैगिंग की पुष्टि होती है तो अस्पताल प्रबंधन आरोपी छात्रों पर कार्रवाई का फैसला लेगा। आरोप है कि संजौली में तीन सीनियर छात्रों ने सात से आठ जूनियर छात्रों को फोन कर बुलाया और कई प्रकार की बातें कही गईं। यह सारा घटनाक्रम संजौली के एक परिसर में हुआ है। इसका ऑडियो रिकॉर्ड भी अस्पताल प्रबंधन खंगाल रहा है।
उधर,इस मामले पर कॉलेज प्रधानाचार्य डॉ. योगेश भारद्वाज ने बताया कि वीरवार सुबह अस्पताल प्रबंधन को ई-मेल प्राप्त हुई हैं। इसके बाद कॉलेज से लेकर संजौली तक हुए इस घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है। इसे लेकर कमेटी ने वीरवार को ही एक बैठक भी कर ली है। अब जांच के आधार पर आगामी रिपोर्ट तैयार होगी
