शिमला-27 अक्टूबर. हिमाचल विधानसभा का शीतकालीन सत्र 16 से 21 नवंबर के बीच होगा। धर्मशाला में होने वाले इस विंटर सेशन में कुल 6 बैठकें रखी जा रही हैं विधानसभा स्पीकर और राज्य सरकार से आए प्रस्ताव को आज छुट्टी के दिन ही लोकभवन ने मंजूरी दे दी है। अब मंगलवार को विधानसभा से इस बारे में अधिसूचना जारी हो जाएगी। अधिसूचना जारी होने के साथ ही विधायक इस सत्र के लिए सवाल और अन्य विषय दे सकते हैं।
विधानसभा की अस्थायी कार्यसूची के अनुसार सत्र 16 से 21 नवंबर तक चलेगा। पहले दिन शोकोद्गार, यदि कोई हो, के बाद शासकीय एवं विधायी कार्य होंगे। 17 और 18 नवंबर को शासकीय एवं विधायी कार्य निर्धारित हैं। 19 नवंबर को शासकीय एवं विधायी कार्यों के साथ गैर-सरकारी सदस्य कार्य दिवस होगा। 20 और 21 नवंबर को भी शासकीय एवं विधायी कार्य किए जाएंगे।
सत्र के दौरान प्रदेश से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा और विधायी कार्य होने की संभावना है। हालांकि, यह कार्यसूची अस्थायी है और सदन की कार्यवाही के अनुसार इसमें बदलाव संभव है।
राज्य सरकार ने तर्क दिया है कि दिसंबर में न्यू ईयर टूरिस्ट सीजन को देखते हुए सत्र पहले किया जा रहा है, ताकि कारोबारियों का व्यवसाय वीआईपी मूवमेंट के कारण प्रभावित न हो। हालांकि 6 दिन की सीटिंग्स के बाद भी इस साल विधानसभा की कुल बैठकों का कोटा फिर पूरा नहीं हो पाएगा।
विधानसभा स्पीकर आजकल दिल्ली दौरे पर हैं और वापस आने के बाद वह धर्मशाला जाकर शीतकालीन सत्र की तैयारी की समीक्षा करेंगे। नवंबर के आखिरी सप्ताह या दिसंबर में केंद्रीय गृह मंत्री की अध्यक्षता में होने वाली नॉर्थ जोन काउंसिल की बैठक भी आने वाली है। इसलिए भी राज्य सरकार सत्र से पहले फ्री होना चाहती है। शीतकालीन सत्र इस वर्ष का आखिरी सत्र होगा।
