Spread the love

शिमला-31अक्टूबर. शिमला जिले के टिक्कर-नावर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। यहां दरोटी गांव के पास आज सुबह हुए दर्दनाक हादसे में मां-बेटे सहित पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है।
जानकारी के अनुसार, दरोटी निवासी कुशल पुत्र प्रमोद अपनी मां कल्पना देवी के साथ नेपाली मजदूरों को घास काटने के लिए ले जा रहा था। इसी दौरान वाहन हादसे का शिकार हो गया। हादसे में पांच लोगों की जान चली गई, जबकि एक नेपाली मजदूर गंभीर रूप से घायल हुआ है।
मृतकों की पहचान कुशल पुत्र प्रमोद, कल्पना देवी पत्नी प्रमोद निवासी दरोटी गांव तथा निर्मला पत्नी पवन, मीना पत्नी प्रेम और रोशनी पुत्री प्रेम (तीनों नेपाली नागरिक) के रूप में हुई है।
हादसे में घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में IGMC शिमला रेफर किया गया है।
तहसीलदार टिक्कर प्रियंजली और नायब तहसीलदार टिक्कर मेहर सिंह फिष्टा ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों को प्रशासन की ओर से फौरी राहत के रूप में 15-15 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई है। हादसे में पांच लोगों की मौत से दरोटी गांव सहित पूरे टिक्कर-नावर क्षेत्र में शोक की लहर है। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। घटना पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने गहरा दुख जताया है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *