शिमला,04नवंबर. त्योहारी सीजन में इन दिनों मिठाइयों की खूब बिक्री हो रही है। ऐसे मौके पर कुछ शातिर लोग नकली व दूषित मिठाईयां व खाने पीने की चीजें बेचकर चांदी कूट रहे हैं। इन ऐसे लोगों पर शिमला का खाद्य सुरक्षा विभाग भी कड़ी नजर रख रहै हैं। शिमला के लक्कड़ बाजार क्षेत्र में बासी मिठाइयां बेचे जाने संबंधी शिकायत प्राप्त होने पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा डॉ. विजया के नेतृत्व में क्षेत्र की एक मिठाई की दुकान का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि दुकान में रखी मिठाइयों से दुर्गंध आ रही थी। मिठाइयों पर मक्खियां एवं कीट पाए गए तथा उनमें चूहों के मल के अंश भी मौजूद थे। इसके अतिरिक्त दुकान परिसर में साफ-सफाई एवं स्वच्छता की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई।
मामले पर तत्काल कार्रवाई करते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने खाद्य कारोबार संचालक (FBO) को लगभग 14 किलोग्राम बासी एवं दूषित मिठाइयां मौके पर ही नष्ट करने के निर्देश दिए। खाद्य कारोबार संचालक को परिसर में उचित साफ-सफाई एवं स्वच्छता बनाए रखने, निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने तथा इस प्रकार की बासी एवं असुरक्षित मिठाइयों की बिक्री न करने के सख्त निर्देश भी दिए गए।
एक अन्य कार्रवाई के तहत टूटू क्षेत्र में सड़क किनारे खुले में लगाए गए मिठाई के स्टॉल का निरीक्षण किया गया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. सुनील शर्मा ने काजू बर्फी, माह बर्फी, मिल्क केक सहित विभिन्न प्रकार की मिठाइयों एवं खाद्य पदार्थों के कुल नौ नमूने एकत्रित किए। इन सभी नमूनों को गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप होने की जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जारी त्योहारी सीजन के दौरान आम जनता को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण मिठाइयां उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से निरीक्षण एवं निगरानी अभियान तेज कर दिया गया है।
विभाग ने सभी खाद्य कारोबार संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे खाद्य सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करें तथा अपने प्रतिष्ठानों में उचित स्वच्छता एवं साफ-सफाई सुनिश्चित करें। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कानून के प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग आम जनता के स्वास्थ्य की सुरक्षा तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं स्वच्छ खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।
