Spread the love

शिमला,08 नवंबर. शिमला पुलिस की स्पेशल सेल और डिटेक्शन सेल ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में हिमाचल और पंजाब के दो कथित मुख्य सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ननखड़ी क्षेत्र के बलबीर सिंह उर्फ फौजी को अमृतसर से गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरे मामले में लुधियाना निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोरा उर्फ गोपी को दबोचा है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी से शिमला में सक्रिय नशा तस्करी नेटवर्क की सप्लाई चेन तक पहुंचने में पुलिस को सफलता मिली है।पुलिस के अनुसार, पहला मामला 27 अक्टूबर 2026 का है। शिमला पुलिस की स्पेशल सेल टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर शोगी बैरियर पर एक टैक्सी की तलाशी ली थी। इस दौरान टैक्सी में सवार अमृतसर निवासी रेशम सिंह (34) के कब्जे से करीब 257 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई थी। इस संबंध में FIR संख्या 230/26 के तहत NDPS एक्ट में मामला दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान सामने आया कि बरामद चिट्टे की सप्लाई ननखड़ी निवासी बलबीर सिंह उर्फ फौजी (52) को की जानी थी। पुलिस के मुताबिक, बलबीर क्षेत्र में नशे का प्रमुख सप्लायर था और चिट्टे की बड़ी खेपों के कारोबार से जुड़ा हुआ था। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश के लिए विशेष टीम गठित की। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने अपने पुराने मोबाइल नंबर बंद कर दिए थे और ठिकाने भी बदल लिए थे। पुलिस टीम करीब एक सप्ताह तक उसकी तलाश में जुटी रही। अंततः उसके अमृतसर में होने की सूचना मिलने पर पुलिस ने 5 नवंबर 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी नेपाल भागने की तैयारी में था।
पुलिस के मुताबिक, बलबीर सिंह उर्फ फौजी के खिलाफ पहले भी छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत दो और NDPS एक्ट के तहत चार मामले शामिल हैं। उसका आपराधिक रिकॉर्ड वर्ष 2019 से 2024 तक के मामलों से जुड़ा है।

इनमें थाना ननखड़ी में दर्ज एक मामले में 380 ग्राम चरस और 29.37 ग्राम अफीम, थाना कोटखाई में दर्ज मामले में 107.93 ग्राम हेरोइन, वेस्ट शिमला में दर्ज एक मामले में 150.05 ग्राम अफीम तथा एक अन्य मामले में 41.810 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। इसके अलावा वर्ष 2020 में थाना कुमारसैन में आबकारी अधिनियम के तहत भी उसके खिलाफ दो मामले दर्ज हुए थे।
दूसरी कार्रवाई में शिमला पुलिस ने पंजाब के लुधियाना निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोरा उर्फ गोपी (35) को गिरफ्तार किया है। यह मामला 27 सितंबर 2026 को ठियोग उपमंडल की डिटेक्शन सेल टीम द्वारा गुम्मा में की गई कार्रवाई से जुड़ा है। उस दौरान पुलिस ने रूपेश, शिवम वर्मा और लालू कुमार उर्फ कृष्णा के कब्जे से करीब 50 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की थी। इस संबंध में पुलिस थाना कोटखाई में FIR संख्या 84/2026 के तहत NDPS एक्ट की धारा 21 और 29 में मामला दर्ज किया गया था।मामले की जांच के दौरान पुलिस ने बैकवर्ड लिंक खंगाले तो पता चला कि तीनों आरोपी लुधियाना निवासी गुरप्रीत सिंह से चिट्टा खरीदकर हिमाचल के शिमला क्षेत्र में बेचने के लिए लाए थे। इसके बाद पुलिस ने सप्लाई के मुख्य स्रोत तक पहुंचने के लिए जांच आगे बढ़ाई और 5 नवंबर 2026 को गुरप्रीत सिंह को लुधियाना से गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *