मंडी,18 नवंबर. मंडी जिले के लडभड़ोल में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह युवकों की मौत हो गई। हादसा लडभड़ोल बाजार में पेट्रोल पंप के समीप पेश आया, जहां एक कार अनियंत्रित होकर करीब 200 फुट गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी छह लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी युवक आसपास के गांवों के स्थानीय निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत राहत एवं बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचे। लोगों ने खाई में उतरकर कार सवारों को बाहर निकालने और उनकी जान बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक सभी छह युवकों की मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही लडभड़ोल पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद सभी शवों को खाई से बाहर निकाला।
एक ही हादसे में छह युवकों की मौत से लडभड़ोल और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है। हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार मरने वालों में अधिकतर नाबालिग हैं। मृतकों की पहचान यस राय पुत्र रामलाल निवासी गांव सिमस, आयुष पुत्र विनोद कुमार निवासी गांव सिमस, पंकज पुत्र पराक्रम सिंह निवासी गांव गवाल, आदित्य पुत्र अजय कुमार निवासी गांव बलोटू, अर्नव पुत्र नरेंद्र कुमार निवासी गांव गवाला तथा नूजू पुत्र नवीन राय निवासी गांव सिमस के रूप में हुई है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। डीएसपी पधर लोकेन्द्र नेगी ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
