Spread the love

शिमला,18नवंबर. ठियोग- छैला शरमला में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। यहां शरमला खलानटू निर्माणाधीन सड़क से अचानक गिरे पत्थर चलती एक कार पर जा गिरे। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान संदेश पुत्र महेंद्र सिंह निवासी गांव पोहल, डाकघर बखोल तहसील कोटखाई जिला शिमला के रूप में हुई है। पत्थरों की चपेट में आने से उनके सिर और पीठ पर गंभीर चोटें आई थीं।

यह हादसा बुधवार को दिन में ठियोग क्षेत्र में छैला के अंतर्गत चेउ नाला में शरमला के समीप हुआ। जानकारी के अनुसार कार (HP09B-1150) में दो व्यक्ति सवार थे। हादसे के समय एक व्यक्ति कार से उतर चुका था, जबकि संदेश कार में ही मौजूद थे। इसी दौरान पहाड़ से अचानक पत्थर गिरे और कार उनकी चपेट में आ गई। गंभीर चोटें लगने के कारण संदेश की मौत हो गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शरमला-खलान्टू सड़क पर निर्माण कार्य चल रहा है। सूत्रों के अनुसार निर्माण कार्य के दौरान की गई ब्लास्टिंग के कारण पहाड़ से पत्थर गिरने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हादसे का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। ठियोग पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार की भूमिका की भी जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि हादसे के समय किस तरह का निर्माण कार्य चल रहा था और क्या ब्लास्टिंग के कारण पत्थर गिरने से यह दुर्घटना हुई। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के कारणों और जिम्मेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *