धर्मशाला,21नवंबर. हिमाचल प्रदेश विधानसभा का छह दिवसीय शीतकालीन सत्र शनिवार को संपन्न हो गया। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया कि सत्र के दौरान सदन की उत्पादकता 80 फीसदी रही और कुल 13 सरकारी विधेयक पारित किए गए। पहले दिन को छोड़कर पांच बैठकों में सदन की कार्यवाही 24 घंटे 15 मिनट चली। नियम-67 के तहत स्थगन प्रस्ताव पर चार दिन में 12 घंटे से अधिक चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सत्र के सफल संचालन के लिए विधानसभा अध्यक्ष, विपक्ष और सभी सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने अनाथ बच्चों को 27 वर्ष की आयु तक आर्थिक सहायता और शिक्षा का खर्च देने वाले विधेयक को ऐतिहासिक बताया। साथ ही बीबीएमबी, एनटीपीसी और एसजेवीएनएल के पास परियोजनाओं से अतिरिक्त जमीन वापस लेने संबंधी विधेयक को प्रदेश हित में महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने दोहराया कि सरकार का लक्ष्य 2032 तक हिमाचल को समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाना है।
वहीं, नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर प्रदेश की संपत्तियां बेचने और लीज पर देने की तैयारी का आरोप लगाया। उन्होंने जमीन की खरीद-फरोख्त, कृषि विश्वविद्यालय की करीब 3,000 कनाल जमीन, स्मार्ट क्लासरूम और बस खरीद में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने विधायक निधि और विभिन्न विकास योजनाओं का बजट रोकने का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष प्रदेश के हितों और जनता की संपत्तियों की रक्षा के लिए सरकार से सवाल उठाता रहेगा।
