Spread the love

शिमला, 24नवंबर. हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा निदेशालय, शिमला ने राज्य के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में आगामी 26 नवंबर को ‘संविधान दिवस’ मनाने के संबंध में महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। निदेशक स्कूल शिक्षा की ओर से राज्य के सभी उपनिदेशकों (माध्यमिक एवं प्रारंभिक) को इस बारे में पत्र भेजकर आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है।

भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय (स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग) से प्राप्त निर्देशों के हवाले से निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि 26 नवंबर को सभी स्कूलों की प्रातःकालीन सभा में संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई जाएगी। इसके साथ ही विद्यार्थियों को संविधान के महत्व से अवगत कराने के लिए विभिन्न शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन भी सुनिश्चित किया जाएगा।

नोडल अधिकारी की होगी नियुक्ति और जियो-टैग फोटो अनिवार्य
निदेशालय ने सभी स्कूल प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि वे इस आयोजन के लिए अपने संस्थान में एक ‘नोडल अधिकारी’ नियुक्त करें। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद उसी दिन सभी गतिविधियों की जियो-टैग की गई तस्वीरें गूगल ट्रैकर पर अपलोड करना अनिवार्य होगा।

शिक्षा निदेशालय ने इस आदेश को ‘अति आवश्यक एवं समयबद्ध’ श्रेणी में रखते हुए सभी स्कूल प्रमुखों को मंत्रालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *