Spread the love

शिमला,23 नवंबर. हिमाचल प्रदेश में 1 जनवरी 2023 से 31 जुलाई 2025 तक ढाई साल के दौरान विभिन्न सरकारी विभागों में 13,386 पदों पर नियुक्तियां की गईं। इनमें नियमित, अनुबंध और दैनिक वेतन के आधार पर दी गई नौकरियां शामिल हैं। इस अवधि में सबसे ज्यादा 4,294 नियुक्तियां स्कूल शिक्षा विभाग में हुईं। वहीं, इसी अवधि में प्रदेश के विभिन्न विभागों में अलग-अलग श्रेणियों के कुल 58,198 पद रिक्त हुए। इनमें सबसे ज्यादा 19,457 पद लोक निर्माण विभाग में खाली हुए।

मुख्यमंत्री ने हाल ही में हुए विधानसभा सत्र के दौरान MLA जीतराम कटवाल के सवाल के जवाब में बताया कि सरकार ने ढाई साल में स्कूल शिक्षा विभाग में अनुबंध और ट्रेनी आधार पर 4,294 शिक्षकों की भर्ती की गई। उच्चतर शिक्षा विभाग में 1,029 पद भरे गए। इनमें आचार्य और प्राचार्य के पदों पर अधिक नियुक्तियां हुईं।

बिजली बोर्ड में इस अवधि में 1,449 पद भरे गए। इनमें 456 पद जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (जेओए) के शामिल हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) में अनुबंध आधार पर 554 और दैनिक वेतन के आधार पर 505 पद भरे गए। इस तरह एनएचएम में दोनों श्रेणियों को मिलाकर 1,059 पदों पर नियुक्तियां हुईं।

पुलिस विभाग में 209 पद भरे गए। इनमें कांस्टेबल के 184 पद शामिल हैं। हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में विभिन्न श्रेणियों के 350 पदों पर नियुक्तियां की गईं। सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग (आईपीएच) में 319 पद भरे गए।हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) में 690 पदों पर भर्ती हुई। निदेशालय भू-अभिलेख में 431 और तकनीकी शिक्षा विभाग में 106 पद भरे गए। मुख्यमंत्री ने लिखित जवाब में बताया कि इस अवधि में प्रदेश के विभिन्न विभागों में नियमित, अनुबंध और दैनिक वेतन भोगी आधार पर कुल 13,386 पदों को भरा गया।

मुख्यमंत्री के लिखित जवाब के अनुसार 1 जनवरी 2023 से 31 जुलाई 2025 तक प्रदेश के विभिन्न विभागों में अलग-अलग श्रेणियों के कुल 58,198 पद रिक्त हुए। इनमें सबसे ज्यादा 19,457 पद लोक निर्माण विभाग में खाली हुए।
स्कूल शिक्षा विभाग में विभिन्न श्रेणियों के 13,182 पद रिक्त हुए। उच्चतर शिक्षा विभाग यानी कॉलेज और विश्वविद्यालय स्तर पर 6,021 पद खाली हुए। पुलिस विभाग में 3,822 पद रिक्त हुए। पशुपालन विभाग में 2,009 पद और वन विभाग में 1,400 पद खाली हुए।

वन निगम में 1,131, स्वास्थ्य विभाग में 874, राज्य कर एवं कराधान विभाग में 542, एचआरटीसी में 663 और तकनीकी शिक्षा विभाग में 285 पद रिक्त हुए। ये सभी आंकड़े संबंधित विभागों में अलग-अलग श्रेणियों के रिक्त पदों के हैं।
मुख्यमंत्री ने लिखित जवाब में युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार देने के लिए चलाई जा रही योजनाओं का ब्यौरा भी दिया। श्रम, रोजगार एवं विदेशी नियोजन विभाग की ओर से प्रदेश के युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना 2023 क्रियान्वित की गई है। इस योजना के शुरू होने से 31 जुलाई 2025 तक 67 युवाओं को रोजगार अथवा स्वरोजगार के अवसर मिले।

विभाग की ओर से वर्ष 2013 से कौशल विकास भत्ता योजना चलाई जा रही है। योजना की शुरुआत से 31 जुलाई 2025 तक कुल 82,208 युवा इसमें एनरोल हुए और उन्हें कौशल विकास भत्ता प्रदान किया गया।

उद्योग विभाग की ओर से युवाओं को स्वरोजगार उपलब्ध करवाने के लिए तीन योजनाएं चलाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत 3,373 लाभार्थियों को कुल 59,473.29 लाख रुपये का ऋण दिया गया है। इस योजना के आंकड़े 26 जून 2026 तक के हैं।

प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत 4,982 लाभार्थियों को सहायता प्रदान की गई। इसमें 18,034.39 लाख रुपये की मार्जिन मनी शामिल है। वहीं, स्टार्टअप योजना के तहत 279 युवाओं को 714.93 लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी गई।

मत्स्य पालन विभाग की ओर से प्रदेश के युवाओं को स्वरोजगार देने के लिए मुख्य रूप से दो योजनाएं चलाई जा रही हैं। इनमें प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना वर्ष 2020-21 से और मुख्यमंत्री कार्प मत्स्य पालन योजना वर्ष 2024-25 से शुरू की गई है।

विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 जनवरी 2023 से 31 जुलाई 2025 तक इन योजनाओं के तहत कुल 1,277 युवा लाभान्वित हुए। इनमें वित्त वर्ष 2022-23 में 1 जनवरी से 31 मार्च 2023 तक 17 युवा लाभान्वित हुए। वित्त वर्ष 2023-24 में 385 और वित्त वर्ष 2024-25 में 539 युवाओं को लाभ मिला। वित्त वर्ष 2025-26 में 31 जुलाई 2025 तक 336 युवाओं को योजनाओं का लाभ दिया गया।

उद्यान विभाग की ओर से भी प्रदेश के युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए चार योजनाएं चलाई जा रही हैं। इनमें एकीकृत बागवानी विकास मिशन, हिमाचल पुष्प क्रांति योजना, मुख्यमंत्री मधु विकास योजना और हिमाचल खुम्ब विकास योजना शामिल हैं।

उद्यान विभाग के अनुसार 1 जनवरी 2023 से 31 जुलाई 2025 तक इन योजनाओं के तहत कुल 2,129 युवाओं को लाभान्वित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *