Spread the love

शिमला,24 नवंबर. शिमला पुलिस ने संकट मोचन मंदिर चोरी मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में चोरी की गई मंदिर की सभी संपत्ति को शत-प्रतिशत बरामद कर लिया है। यह बरामदगी गिरफ्तार किए गए एक आरोपी की निशानदेही पर की गई है। पुलिस ने आरोपी हितेंद्र कंवर(31) उर्फ बंटी को 23 नंवबर को गिरफ्तार किया था। हितेंद्र कंवर बसंतपुर, तहसील सुन्नी का निवासी है। यह मामला पुलिस थाना पश्चिम, जिला शिमला में अभियोग संख्या 236/26 के तहत 1 नवंबर को दर्ज किया गया था। 23 नवंबर को ही आरोपी की निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद हुआ। यह सामान कमयाणा, भराड़ी के समीप एक जंगल से बरामद किया गया।

पुलिस ने चोरी की गई संपत्ति को नियमानुसार अपने कब्जे में ले लिया है। बरामद की गई संपत्ति में हनुमान जी की गदाएं शामिल हैं। इसके साथ ही चांदी के मुकुट और छत्र भी मिले हैं। चोरी हुए सामान में पायल, कड़े, कुंडल और कटोरियां भी शामिल थीं। पुलिस ने चम्मच, हार, चांदी की जोत और चरण पादुकाएं भी बरामद की हैं। इनमें विभिन्न धार्मिक आभूषण और अन्य महत्वपूर्ण वस्तुएं भी शामिल हैं।संपत्ति की बरामदगी के समय संकट मोचन मंदिर के ट्रस्टी मौके पर मौजूद थे। ट्रस्टियों ने बरामद किए गए सभी सामान की पहचान की। उन्होंने पुष्टि की कि यह वही संपत्ति है जो मंदिर से चोरी हुई थी। पुलिस ने इस मामले में चोरी हुई संपत्ति की 100 फीसदी बरामदगी सुनिश्चित की है। यह पुलिस के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *