Spread the love

शिमला,26 नवंबर. राजधानी शिमला के लक्कड़ बाजार में बुधवार रात एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। IGMC में उपचाराधीन पत्नी के लिए दवाई लेने निकले 45 वर्षीय व्यक्ति की सड़क से नीचे गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान धार कुफर (डाकखाना रोड़ी) निवासी ईश्वर दास पुत्र गणेश दत्त के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार ईश्वर दास की पत्नी IGMC में भर्ती हैं। बुधवार रात वह पत्नी के लिए दवाई लेने लक्कड़ बाजार गए थे। इसी दौरान रात के अंधेरे में अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरे। हादसा इतना गंभीर था कि उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला और मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को खाई से बाहर निकाला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गुरुवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद आगामी कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *