शिमला,28 नवंबर. डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी (सोलन) के नए कुलपति की नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर राज्यपाल सचिवालय ने एक महत्वपूर्ण अधिसूचना जारी की है। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल (एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति) कविंद्र गुप्ता ने 26 नवंबर को जारी आदेश के तहत कुलपति चयन के लिए गठित ‘सर्च-कम-सिलेक्शन’ (खोज एवं चयन) समिति में आंशिक संशोधन किया है।
इस नए आदेश के अनुसार, राज्यपाल के सचिव संदीप भारद्वाज के स्थान पर पूर्व कुलपति प्रोफेसर अरुण दिवाकर नाथ बाजपेयी को कुलाधिपति का नामित सदस्य और समिति का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
हाईकोर्ट के आदेश और यूजीसी नियमों के तहत कार्रवाई
यह अधिसूचना (संख्या 45-2/85-GS) 28 अक्टूबर, 2026 को जारी पूर्व अधिसूचना में आंशिक संशोधन करते हुए जारी की गई है। इसे हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय, शिमला द्वारा सीडब्ल्यूपी (CWP) संख्या 4259/2026 और 5087/2026 में दिए गए फैसले के अनुपालन में, हिमाचल प्रदेश कृषि, बागवानी और वानिकी विश्वविद्यालय अधिनियम, 1986 की धारा 24(1) तथा यूजीसी विनियम, 2018 की धारा 7.3(ii) के तहत लागू किया गया है।
पुनर्गठित खोज एवं चयन समिति का स्वरूप
नई अधिसूचना के बाद अब तीन सदस्यीय खोज एवं चयन समिति का गठन इस प्रकार होगा:
अध्यक्ष (सदस्य): प्रोफेसर अरुण दिवाकर नाथ बाजपेयी — पूर्व कुलपति, एम.ए. (अर्थशास्त्र), पीएच.डी. (विशेषज्ञता: आर्थिक सिद्धांत, विकास अर्थशास्त्र और आध्यात्मिक अर्थशास्त्र) — कुलाधिपति के नामित सदस्य
सदस्य: डॉ. एम.एल. जाट — महानिदेशक, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR), कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, नई दिल्ली
सदस्य: डॉ. अजीत कुमार शासनी — कुलपति, ओडिशा केंद्रीय विश्वविद्यालय — यूजीसी अध्यक्ष के नामित सदस्य
अन्य नियम और शर्तें यथावत
अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि 28 अक्टूबर, 2026 की मूल अधिसूचना की अन्य सभी शर्तें और नियम जिनमें समिति का मुख्यालय एवं कार्यालय, चयन प्रक्रिया का तरीका, बैठकों के आयोजन की विधि और कुलाधिपति को 3 से 5 नामों के पैनल की सिफारिश करना शामिल है—पूरी तरह अपरिवर्तित रहेंगे।
