शिमला,28 नवंबर. .केंद्रीय आलू अनुसंधान संस्थान के अनुसंधान एवं तकनीकी विशेषज्ञता को कुरुक्षेत्र के किसानों तक पहुँचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। सांसद नवीन जिंदल की पहल ‘नवीन कृषि संकल्प 2.0’ के अंतर्गत नवीन जिंदल फाउंडेशन की टीम ने संस्थान का दौरा किया। इस दौरान ईशान पांडेय उपस्थित रहे। संस्थान के निदेशक डॉ. ब्रजेश सिंह एवं वैज्ञानिकों की टीम डॉ संजीव शर्मा, डॉ जगदेव शर्मा, डॉ आलोक कुमार, डॉ सोम दत, डॉ अजय ठाकुर के साथ हुई बैठक में आलू की उन्नत किस्मों, गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन, वैज्ञानिक खेती और खाद्य प्रसंस्करण की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
डॉ. ब्रजेश सिंह ने कहा कि केंद्रीय आलू अनुसंधान संस्थान का वैज्ञानिक अनुभव और तकनीकी विशेषज्ञता कुरुक्षेत्र के किसानों के लिए कृषि उत्पादकता, गुणवत्ता और आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है। उन्होंने आश्वस्त किया कि संस्थान की वैज्ञानिक टीम नवीन जिंदल फाउंडेशन के साथ समन्वय स्थापित कर किसानों को आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण उपलब्ध कराएगी। बैठक में संस्थान की प्रमुख उपलब्धियों, विशेषकर एयरोपोनिक तकनीक से रोगमुक्त एवं गुणवत्तापूर्ण बीज आलू उत्पादन पर भी चर्चा हुई। इस तकनीक के माध्यम से नियंत्रित वातावरण में मिट्टी के बिना छोटे बीज कंद तैयार किए जाते हैं। संस्थान इस तकनीक को देश के 45 बीज उत्पादकों एवं उद्यमियों तक पहुँचा चुका है। इसके अतिरिक्त चिप्स और फ्रेंच फ्राइज जैसे प्रसंस्कृत उत्पादों के लिए विकसित आलू की विशेष किस्मों को किसानों और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग से जोड़ने पर जोर दिया गया।
नवीन जिंदल फाउंडेशन के ईशान पांडेय ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य कृषि अनुसंधान को किसानों, किसान उत्पादक संगठनों (FPOs), उद्यमियों और निवेशकों से जोड़कर स्थानीय स्तर पर कृषि आधारित उद्योगों को प्रोत्साहित करना है। ‘नवीन कृषि संकल्प 1.0’ के सफल अनुभव के आधार पर शुरू किए गए दूसरे चरण में भारत सरकार के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय के सहयोग से 10 दिसंबर 2026 से 25 जनवरी 2027 तक कुरुक्षेत्र में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें किसानों एवं FPOs को आलू की प्रसंस्करण-उपयुक्त किस्मों, गुणवत्तापूर्ण बीज, आधुनिक कृषि तकनीकों, खाद्य प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और बाजार से जुड़ने के अवसरों की जानकारी दी जाएगी।
अभियान के अंतर्गत आलू प्रसंस्करण उद्योग में निवेश की संभावनाओं की पहचान, उद्यमियों एवं निवेशकों के साथ संवाद तथा किसानों और उद्योगों के बीच साझेदारी विकसित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। फल, सब्जियों एवं अनाज की कटाई-पश्चात बर्बादी कम करने और कृषि उत्पादों का बेहतर मूल्य सुनिश्चित करने के उपाय भी साझा किए जाएंगे।
‘Grow in Kurukshetra, Make in Kurukshetra’ की अवधारणा पर आधारित यह पहल स्थानीय कृषि उपज के स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण, रोजगार सृजन और ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। केंद्रीय आलू अनुसंधान संस्थान शिमला की वैज्ञानिक विशेषज्ञता और नवीन जिंदल फाउंडेशन के प्रयासों से अनुसंधान, कृषि एवं उद्योग के बीच मजबूत संबंध स्थापित होने की उम्मीद है। यह पहल किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को अधिक लाभकारी एवं उद्योगोन्मुख बनाने के साथ विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को भी मजबूती प्रदान करेगी।
संस्थान के अनुसंधान को स्थानीय कृषि परिस्थितियों और किसानों की जरूरतों से जोड़कर उत्पादकता, उपज की गुणवत्ता और बाजार में मिलने वाले मूल्य को बेहतर बनाने की दिशा में काम किया जाएगा। माननीय सांसद श्री नवीन जिंदल जी की पहल का उद्देश्य कृषि अनुसंधान को किसानों और स्थानीय उद्योगों से जोड़ना है, ताकि वैज्ञानिक नवाचार का लाभ सीधे खेतों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था तक पहुँचे।
