शिमला,28 नवंबर. हिमाचल प्रदेश कैडर के वर्ष 2013 बैच के आईएएस अधिकारी राघव शर्मा को भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन का निजी सचिव नियुक्त किया गया है। भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) ने 27 नवंबर 2026 को इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया है।
जारी आदेश के अनुसार, केंद्रीय मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (ACC) ने राघव शर्मा की नियुक्ति को मंजूरी प्रदान की है। उन्हें उपराष्ट्रपति सचिवालय में उप सचिव स्तर पर निजी सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
यह नियुक्ति पदभार ग्रहण करने की तिथि से पांच वर्ष की अवधि के लिए होगी। हालांकि, यह नियुक्ति उपराष्ट्रपति के कार्यकाल के साथ सह-समाप्ति के आधार पर भी रहेगी। इसके अलावा, यदि राघव शर्मा इससे पहले निजी सचिव के पद पर कार्य करना बंद करते हैं या केंद्र सरकार की ओर से अन्य आदेश जारी होता है, तो नियुक्ति उसी अनुसार समाप्त हो जाएगी।
हिमाचल प्रदेश कैडर के अधिकारी को देश के संवैधानिक पद पर आसीन उपराष्ट्रपति के सचिवालय में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से प्रदेश के प्रशासनिक हलकों में इसे अहम उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
