केलांग-13अगस्त. राज्य स्तरीय जनजातीय उत्सव-2026 के आयोजन से पहले केलांग को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन लाहौल एवं स्पीति ने आज विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया। यह अभियान साहस तथा हीलिंग हिमालय एनजीओ के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें उपायुक्त लाहौल एवं स्पीति किरण भड़ाना ने स्वयं नेतृत्व करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ सक्रिय रूप से भाग लिया।
स्वच्छता अभियान की शुरुआत उपायुक्त कार्यालय परिसर से हुई। इसके बाद अभियान का काफिला केलांग बस स्टैंड होते हुए केलांग बाजार तक पहुंचा। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों एवं सड़क किनारे सफाई की गई तथा लोगों को अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के प्रति जागरूक किया गया। विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ स्वयंसेवकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
इस अवसर पर उपायुक्त किरण भड़ाना ने कहा कि स्वच्छता किसी एक दिन या किसी विशेष अभियान तक सीमित रहने वाला कार्य नहीं है, बल्कि यह हमारी दैनिक जीवनशैली और सामूहिक जिम्मेदारी का हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अपने घर, कार्यालय और आसपास के सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि लाहौल की प्राकृतिक सुंदरता यहां की सबसे बड़ी पहचान है और इस प्राकृतिक विरासत को बनाए रखने के लिए स्थानीय लोगों के साथ-साथ यहां आने वाले पर्यटकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे कूड़ा खुले में न फेंकें, कचरे का उचित निपटान करें तथा प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों के अनावश्यक उपयोग से बचें।
उपायुक्त ने कहा कि जनजातीय उत्सव-2026 के दौरान लाहौल एवं स्पीति में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, कलाकार, प्रतिभागी और पर्यटक पहुंचेंगे। ऐसे में केलांग को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि उत्सव की भव्यता केवल सांस्कृतिक कार्यक्रमों से नहीं, बल्कि स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण से भी दिखाई देती है।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियानों का उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि लोगों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाना और उन्हें स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार बनाना है। उन्होंने कहा कि जब प्रत्येक व्यक्ति अपने घर और आसपास के क्षेत्र की सफाई को अपनी जिम्मेदारी समझेगा, तभी स्वच्छता का स्थायी प्रभाव दिखाई देगा।
उन्होंने अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए साहस और हीलिंग हिमालय एनजीओ, विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियानों में प्रशासन के साथ स्थानीय समुदाय, स्वयंसेवी संस्थाओं, व्यापारिक संगठनों और आम नागरिकों की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।
जिला प्रशासन ने स्थानीय निवासियों, व्यापारियों, पर्यटकों तथा जनजातीय उत्सव में आने वाले सभी लोगों से अपील की है कि वे ‘स्वच्छ केलांग, सुंदर केलांग’ की भावना के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं। सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकें, निर्धारित स्थानों पर ही कचरे का निपटान करें और लाहौल की प्राकृतिक सुंदरता एवं पर्यावरण को संरक्षित रखने में सहयोग दें।
अभियान में एसडीएम केलांग कुनिका एकर्स सहित जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की साझा जिम्मेदारी है।


