शिमला-14 अगस्त.प्रदेश के स्कूलों में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम मनाया जाएगा। इसी बीच अब 15 अगस्त की जगह अब 17 अगस्त को अवकाश रहेगा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को बिलासपुर में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान यह घोषणा की। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि 15 अगस्त को होने वाले कार्यक्रमों के चलते विद्यार्थियों और शिक्षकों को 17 अगस्त को छुट्टी दी जाएगी।
शिक्षा निदेशालय ने कुछ दिन पहले आदेश जारी कर प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों को 15 अगस्त को सामान्य रूप से खुला रखने के निर्देश दिए थे। आदेशों में कहा गया था कि स्कूलों में स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, गरिमा और देशभक्ति के माहौल में मनाया जाए। इसके साथ ही जिला, उपमंडल और तहसील स्तर पर आयोजित होने वाले समारोहों में विद्यार्थियों और स्कूलों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए थे। जिला उपनिदेशकों को अपने-अपने जिलों के सभी सरकारी स्कूलों को स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने को कहा गया था। मुख्यमंत्री की घोषणा से प्रदेशभर के विद्यार्थियों और शिक्षकों को 15 अगस्त के कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद अगले कार्यदिवस पर अवकाश मिल सकेगा। बिलासपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री ने यह घोषणा की।
