शिमला, 01 नवंबर. शिमला जिला मास्टर्स बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026-27 में अनुभवी खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न आयु वर्गों में खिताब अपने नाम किए। 30 अक्तूबर से 1 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में 35 से 70 वर्ष तक के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान एकल और युगल मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कड़े और रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के एकल मुकाबले में बंसी धर ने पहला और रमेश द्विवेदी ने दूसरा स्थान हासिल किया। 65 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में पुरुष एकल का खिताब पृथ्वी राज जनारथा ने जीता, जबकि रमेश द्विवेदी उपविजेता रहे। इसी आयु वर्ग के युगल मुकाबले में बंसी धर और कमल किशोर की जोड़ी विजेता बनी।
60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के एकल मुकाबले में चंद्रशेखर तुर्की ने पहला और सत्य प्रकाश रैक्टा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। युगल में बंसी धर और चंद्रशेखर तुर्की की जोड़ी ने बाजी मारी। 55 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के एकल मुकाबले में चंद्रशेखर तुर्की और 50 वर्ष से अधिक वर्ग में विकास सूद विजेता रहे। 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के एकल मुकाबले में जितेंद्र ठाकुर तथा 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में सनी पापटा ने खिताब जीता।
युगल मुकाबलों में 55 वर्ष से अधिक वर्ग में एपी सिंह और मनवीर सिंह, 50 वर्ष से अधिक में ईश्वर कटारिया और विकास सूद, 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में सुरेंद्र और जितेंद्र ठाकुर तथा 40 वर्ष से अधिक में सनी पापटा और विकास सूद की जोड़ी विजेता रही।
35 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के एकल मुकाबले में प्रकाश भारद्वाज ने खिताब जीता, जबकि युगल में अनुपम और लखबीर की जोड़ी विजेता बनी।
