Spread the love

नई दिल्ली,01नवंबर. राजधानी दिल्ली का ऐतिहासिक रामलीला मैदान खचाखच भरा हुआ है. मौका है “वोट बचाओ देश बचाओ” महारैली का, जहां देश भर से आए राजनीतिक दिग्गज और कार्यकर्ता सरकार के खिलाफ हुंकार भर रहे हैं. रामलीला मैदान के आस पास के क्षेत्रों में भी लोगों को जन सैलाब दिखाई दे रहा है. महारैली में पहुँचे लोगों का कहना है कि वोट चोरी के ख़िलाफ़ आयोजित इंडिया गठबंधन के कार्यक्रम सफल हुआ है और बड़ी संख्या में देश के कोने कोने से लोग इसमें शामिल होने के लिए पहुँचे हैं. कांग्रेस पार्टी के बुलंदशहर जिलाध्यक्ष ज़ियाउर्रहमान ने कहा, बुलंदशहर से दो हज़ार से अधिक लोग दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित महारैली में शामिल होने के लिए पहुँचे हैं. हमारे जिले में लगातार पुलिस द्वारा दिल्ली की रैली में शामिल होने से लोगों को रोका जा रहा है. हम यहाँ वोट के अधिकार और लोकतंत्र को बचाने के लिए पहुँचे हैं. अगर वोट का अधिकार ही समाप्त हो जाएगा तो आम आदमी का अस्तित्व भी ख़त्म हो जाएगा. सरकार को जगाने के लिए हम यहाँ आए हैं. आज देश भर से इस रैली में शामिल होने के लिए लाखों लोग आए हैं. लाखो की तादाद में एकजुट हुए हैं. आज की रैली ने साबित कर दिया है कि वोट चोरी के ख़िलाफ़ अब देश एक जुट हो चुका है.

सुबह से ही दिल्ली गेट, मिंटो रोड, आसफ अली रोड, रंजीत सिंह फ्लाईओवर और कनाट प्लेस के आसपास यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर मोड़ा गया। इसके चलते सामान्य दिनों की तुलना में कई सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन के कारण वाहन चालकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ा। वहीं, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को समय पर पहुंचने के लिए अतिरिक्त मशक्कत करनी पड़ी। यातायात पर सबसे अधिक असर नेताजी सुभाष मार्ग टी-प्वाइंट, राजघाट, दिल्ली गेट, आईटीओ ए-प्वाइंट, अजमेरी गेट रेड लाइट और बाराखंभा रोड स्थित रंजीत सिंह फ्लाईओवर के आसपास देखने को मिला।इसके अलावा झंडेवालान गोलचक्कर, तुर्कमान गेट, मीरदर्द चौक, बहादुर शाह जफर मार्ग, जवाहरलाल नेहरू मार्ग, अरुणा आसफ अली रोड, मिंटो रोड, डीबीजी रोड और बाराखंभा रोड पर भी यातायात प्रभावित रहा। वहीं, वैकल्पिक मार्गों पर वाहनों की संख्या बढ़ने से लोगों को अपनी यात्रा पूरी करने में सामान्य से अधिक समय लगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *