शिमला,01नवंबर. सूबे में नवंबर 2026 के दौरान कई क्षेत्रों में सामान्य से अधिक बारिश और बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मौसम केंद्र शिमला ने 1 नवंबर को प्रदेश के लिए नवंबर महीने का मासिक मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। इसके मुताबिक प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां सामान्य से अधिक रह सकती हैं, जबकि कुछ क्षेत्रों में सामान्य से कम बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार लाहौल-स्पीति के कई हिस्सों के अलावा चंबा, कांगड़ा और कुल्लू के उत्तरी क्षेत्रों तथा किन्नौर जिले के दक्षिणी हिस्सों में नवंबर के दौरान सामान्य से अधिक बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं, प्रदेश के शेष अधिकांश हिस्सों में बारिश और बर्फबारी सामान्य रहने का अनुमान लगाया गया है। इसके विपरीत ऊना, कांगड़ा के कुछ दक्षिणी हिस्सों, सिरमौर के पश्चिमी क्षेत्रों और सोलन जिले में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम केंद्र शिमला ने 1 नवंबर को जारी दैनिक मौसम बुलेटिन में यह पूर्वानुमान दिया है। मौसम विभाग के अनुसार 1 और 2 नवंबर को प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। हालांकि, सप्ताह के बाकी दिनों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक 3 नवंबर से 7 नवंबर तक प्रदेश के सभी पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। यानी शुरुआती दो दिनों के बाद बारिश और बर्फबारी की गतिविधियों में कमी आने का अनुमान है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले 3 से 4 दिनों में न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। वहीं, अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है। इसके बाद अगले 2 से 3 दिनों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री की गिरावट आने का अनुमान है।
