Spread the love

शिमला,28 नवंबर. हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने पूर्व मुख्य संसदीय सचिव (सीपीएस) रहे 6 विधायकों को सरकारी आवासों के दंडात्मक किराए में दी गई राहत पर कड़ा रुख अपनाया है। अदालत ने सवाल उठाया है कि जब इन विधायकों पर 80.22 लाख रुपये से अधिक का दंडात्मक किराया बकाया था, तो सरकार ने इसे नियमित कर उनसे महज 1600 रुपये प्रतिमाह सामान्य लाइसेंस फीस क्यों वसूली? मुख्य न्यायाधीश जीएस संधावालिया और न्यायाधीश बिपिन सी. नेगी की खंडपीठ ने इस मामले में राज्य सरकार से जवाब मांगा है।
हाईकोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि सरकार के अपने आकलन के अनुसार 31 जुलाई 2026 तक छह विधायकों पर कुल 80,22,973 रुपये का दंडात्मक किराया बनता है। नियमों के मुताबिक इनसे अलग-अलग सरकारी आवासों के लिए 52,938 रुपये से लेकर 91,944 रुपये प्रतिमाह तक किराया वसूला जाना था। इसके बावजूद सरकार ने 12 अगस्त 2026 के पत्र के माध्यम से केवल 1600 रुपये प्रतिमाह की सामान्य लाइसेंस फीस वसूलने का निर्णय लिया और लाखों रुपये की वसूली टाल दी।
अदालत ने इस बात पर भी सवाल उठाया कि जब इन विधायकों की सरकारी आवासों में रहने की पात्रता को लेकर मामला न्यायालय में विचाराधीन था, उसी दौरान 4 मई 2026 को सरकार ने इस मामले को कैबिनेट के समक्ष रखकर सामान्य लाइसेंस फीस के भुगतान को नियमित कर दिया। कोर्ट ने इस फैसले और इससे सरकारी खजाने को होने वाले नुकसान पर सरकार से स्पष्टीकरण मांगा है।
गौरतलब है कि 24 नवंबर 2024 को छह विधायकों की मुख्य संसदीय सचिव के रूप में नियुक्तियां रद्द कर दी गई थीं। इसके बावजूद सुप्रीम कोर्ट से कोई स्थगन आदेश नहीं होने के बीच ये विधायक शिमला में टाइप-VI, VII और VIII श्रेणी के सरकारी आवासों में रह रहे हैं। इनमें किशोरी लाल मैन्सफील्ड लॉज, राम कुमार बेनमोर-4, सुंदर सिंह ठाकुर बेनमोर-6, मोहन लाल ब्राक्टा ग्रांट लॉज स्थित मिनिस्टर हाउस नंबर-5, संजय अवस्थी मिनिस्टर हाउस नंबर-4 और आशीष बुटेल बेनमोर-5 में रह रहे हैं।
सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने सरकारी आवासों की उपलब्धता का मुद्दा भी उठाया। अदालत ने कहा कि 30 अगस्त 2026 को नियुक्त हुए हाईकोर्ट के तीन नए न्यायाधीशों को अब तक टाइप-VIII के सरकारी आवास उपलब्ध नहीं हो पाए हैं। इनमें से दो न्यायाधीशों को हाईकोर्ट गेस्ट हाउस (कर्जन हाउस) में रहना पड़ रहा है। इसके अलावा 21 पत्रकारों को नियमों के विपरीत दशकों तक एडहॉक आधार पर सरकारी आवास आवंटित करने को भी अदालत ने मनमाना करार दिया है।
राज्य सरकार की ओर से पेश अधिवक्ता ने सरकार के फैसलों को उचित ठहराने के लिए जवाब दाखिल करने का समय मांगा। मामले की अगली सुनवाई 15 दिसंबर 2026 को होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

स्पेशल स्टोरी