चंबा-14 जुलाई. हिमाचल की धरती में शुक्रवार सुबह सवेरे भूकंप का झटका महसूस हुआ है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार भूकंप की तीव्रता 3.0 रही। भूकंप सुबह 6 बजकर 36 मिनट 28 सेकंड पर आया और इसका केंद्र जमीन से करीब 5 किलोमीटर नीचे दर्ज किया गया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक भूकंप का केंद्र 33.131 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 76.585 डिग्री पूर्वी देशांतर पर था। 5 किलोमीटर की गहराई के कारण इसे उथले स्तर का भूकंप माना जाता है।
भूकंप की तीव्रता कम होने के चलते शुरुआती रिपोर्टों में किसी बड़े नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है। हालांकि, चंबा और आसपास का क्षेत्र भूकंपीय गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है। केंद्र सरकार के अनुसार कांगड़ा-चंबा-धर्मशाला क्षेत्र सीस्मिक जोन-V में आता है, जो देश का सबसे अधिक भूकंप जोखिम वाला जोन है।
