Spread the love

चंबा-15 अगस्त. उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चंबा के ऐतिहासिक चौगान में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और मार्च पास्ट की सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने चंबा के लिए 15 नई इलेक्ट्रिक और 10 डीजल बसें देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि चंबा में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए चार्जिंग स्टेशन स्थापित किया जा रहा है। प्रदेश में परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए एचआरटीसी के बेड़े में 1,000 इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जाएंगी।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल के अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती के साथ लड़ रही है। पंजाब पुनर्गठन कानून के तहत हिमाचल के 7.19 प्रतिशत हिस्से के हक का मामला अब सुप्रीम कोर्ट में निर्णायक दौर में पहुंच गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि सर्वोच्च न्यायालय हिमाचल के हकों के पक्ष में फैसला देगा और प्रदेश को उसका उचित हिस्सा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं और इनमें होने वाली मौतों को गंभीरता से लेते हुए चंबा को सड़क सुरक्षा के लिए पायलट जिला बनाया गया है। इसके लिए 5 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाए जाएंगे। डेटा आधारित सड़क सुरक्षा उपायों को अपनाकर दुर्घटनाओं और इनमें होने वाली मौतों को न्यूनतम करने के प्रयास किए जाएंगे।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों को सुरक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध है। सत्ता में आते ही सरकार ने पुरानी पेंशन योजना बहाल करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया, जिससे 1.36 लाख कर्मचारियों को लाभ मिला। उन्होंने निगमों और बोर्डों के ओपीएस से वंचित कर्मचारियों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि इन्हें भी इसका लाभ देने की दिशा में सरकार महत्वपूर्ण कदम उठाएगी।
उन्होंने कहा कि चंबा के विकास के लिए सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, पर्यटन और रोजगार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। चंबा-चुवाड़ी के बीच 14.816 किलोमीटर लंबी सुरंग का निर्माण लगभग 4,594 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित है। इसके बनने से दोनों स्थानों के बीच दूरी करीब 26 किलोमीटर कम होगी।
मुकेश अग्निहोत्री ने प्रदेशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य हिमाचल को आत्मनिर्भर और मजबूत बनाना है। उन्होंने प्रदेशवासियों से विकास, सामाजिक न्याय और नशामुक्त हिमाचल के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

स्पेशल स्टोरी