Spread the love

शिमला,01नवंबर.राजधानी शिमला में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे भगवान के घरों को भी नहीं छोड़ रहे हैं ऐसा ही मामला शहर के प्रसिद्ध मंदिर श्री संकट मोचन में चोरी की वारदात सामने आई है। जिस स्थान को नीम करौरी बाबा की साधना स्थली के रूप में जाना जाता है और जहां हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु शीश नवाने पहुंचते हैं, उसी शिमला के संकटमोचन मंदिर में चोर ने सेंध लगा दी। शनिवार आधी रात करीब दो बजे मंदिर परिसर में दाखिल हुए आरोपी ने भगवान राम और हनुमान के गर्भ गृह से चांदी का भारी मुकुट और अन्य आभूषण चोरी कर लिए। चोरी किए गए मुकुट का वजन करीब 13 किलोग्राम बताया जा रहा है। आरोपी मंदिर के दानपात्र से नकदी भी ले गया। वारदात मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। मंदिर की सुरक्षा में होमगार्ड कर्मी की तैनाती के बावजूद चोरी होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब दो बजे एक चोर मंदिर परिसर में दाखिल हुआ। उस समय गर्भ गृह वाले मंदिर का गेट बंद था। आरोपी ने गेट का ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश कर गया। इसके बाद वह भगवान राम और हनुमान के गर्भ गृह तक पहुंचा। वहां से चांदी का मुकुट और अन्य आभूषण चोरी कर लिए। आरोपी ने मंदिर के दानपात्र को भी निशाना बनाया और उसमें रखी नकदी निकाल ली। मंदिर प्रबंधन को रविवार को चोरी का पता चला। इसके बाद संकटमोचन मंदिर के मैनेजर अनूप ने बालूगंज पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई। प्रबंधन की ओर से नकदी की गिनती के बाद दानपात्र से करीब 10 से 12 हजार रुपये चोरी होने का अनुमान लगाया गया है।

शिमला ग्रामीण के तहसीलदार संजीव गुप्ता ने बताया कि चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। आरोपी की तस्वीर और चोरी करते हुए उसकी गतिविधियां कैमरे में रिकॉर्ड हुई हैं। उन्होंने बताया कि मंदिर के गर्भ गृह से चांदी का मुकुट और कुछ अन्य आभूषण चोरी हुए हैं।
मंदिर में चोरी की घटना सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस थाना पश्चिम, जिला शिमला में इस संबंध में अभियोग संख्या 236/2026, दिनांक 1 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(D) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *