आनी-11 अगस्त. बरसात के मौसम में जगह जगह भूस्खलन होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। मंगलवार को आनी में बाज़ार में दो जगह पहाड़ी से पत्थर गिरे जिसकी चपेट में कई वाहन आए गनीमत रही कि किसी तरह का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। पहला हादसा किरण बाजार-बराड़ के बीच NH-305 पर हुआ। बारिश के दौरान पहाड़ी से अचानक मलबा चलती कार पर आ गिरा। इससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दो लोग मलबे में फंस गए। मौके से गुजर रहे लोगों ने दोनों को बाहर निकालकर आनी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। मलबा गिरने के कारण NH-305 पर यातायात भी प्रभावित हुआ। आनी में NH-305 पर किरण बाजार-बराड़ के बीच हुए हादसे में घायल दोनों लोगों की पहचान पदम सिंह (53) पुत्र गुमत राम, निवासी गांव दोघरी, डाकघर निगान, तहसील आनी, जिला कुल्लू और अब्दुल रहमान (32) पुत्र नवाबदीन, निवासी गांव दोगरीमोड़, डाकघर निगान, तहसील आनी, जिला कुल्लू के रूप में हुई है। दोनों घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबी कार से बाहर निकालकर आनी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
दूसरी घटना आनी के नए बस अड्डे के पास हुई। यहां पहाड़ी से भारी-भरकम चट्टान सड़क किनारे खड़ी टैक्सी नंबर की कार से जा टकराई। चट्टान की चपेट में आने से कार को काफी नुकसान पहुंचा है। गनीमत रही कि घटना के समय कार में कोई सवार नहीं था।
